काशी में 12 ज्योतिर्लिंग क्यों माने जाते हैं? इसका रहस्य और शास्त्रीय अर्थ

अक्सर यह कहा जाता है कि काशी में केवल एक नहीं, बल्कि 12 ज्योतिर्लिंग माने जाते हैं। यह सुनकर कई लोगों के मन में प्रश्न उठता है, क्या सच में ऐसा है, या यह केवल आस्था का विषय है?

काशी, यह नाम सुनते ही मन में एक दिव्य अनुभूति होती है, भगवान शिव की यह नगरी सिर्फ एक तीर्थ नहीं, बल्कि साक्षात् मोक्ष का द्वार है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि काशी को “द्वादश ज्योतिर्लिंग की धरती” भी कहा जाता है?

काशी ज्योतिर्लिंग शिव मंदिर वाराणसी

ज्योतिर्लिंग क्या होता है?

शास्त्रों के अनुसार जहाँ भगवान शिव स्वयं ज्योति के रूप में प्रकट हुए, उन्हें ज्योतिर्लिंग कहते हैं। भारत में कुल 12 ज्योतिर्लिंग हैं सोमनाथ से लेकर रामेश्वरम तक। परंतु काशी की महिमा इन सबसे अलग है।

भारत में 12 मुख्य ज्योतिर्लिंग माने जाते हैं, जिनमें काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग प्रमुख है।

फिर काशी में 12 ज्योतिर्लिंग कैसे?

यहाँ एक महत्वपूर्ण बात समझनी होगी, यह संख्या भौतिक रूप से नहीं, बल्कि आध्यात्मिक अर्थ में कही गई है।

काशी के प्राचीन ग्रंथों विशेषकर काशी खंड (स्कंद पुराण) में वर्णन है कि भारत के समस्त 12 ज्योतिर्लिंगों का वास काशी में भी है। अर्थात् जो शिवभक्त काशी आता है, उसे सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का पुण्य स्वतः प्राप्त होता है। काशी में इन 12 ज्योतिर्लिंगों के प्रतिनिधि स्वरूप शिवलिंग स्थापित हैं। ये शिवलिंग उन्हीं 12 ज्योतिर्लिंगों के समतुल्य माने जाते हैं।

यानि लिंगानि सर्वत्र तीर्थेषु विविधेषु च। तानि काश्यां स्थितान्येव सर्वाण्येव न संशयः।

काशी में 12 ज्योतिर्लिंग कहाँ स्थित हैं?

1. सोमनाथ
पता: मान मंदिर घाट क्षेत्र, वाराणसी

2. मल्लिकार्जुन
पता: सम्पूर्णानंद नगर कॉलोनी, महमूरगंज (सिगरा–महमूरगंज रोड के पास)

3. महाकालेश्वर
पता: महामृत्युंजय मंदिर, दारानगर, विशेश्वरगंज के पास, वाराणसी

4. ओंकारेश्वर
पता: ओंकारेश्वर, मछोदरी के पास, वाराणसी

5. केदारनाथ (केदारेश्वर)
पता: गौरी केदारेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिर, केदार घाट, वाराणसी,

6. भीमशंकर / भीमेश्वर महादेव मंदिर (काशी करवट)
पता: यह मंदिर वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के पास, गोविंदपुरा में स्थित है।

7. काशी विश्वनाथ (मुख्य ज्योतिर्लिंग)
पता: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर

8. त्र्यंबकेश्वर
पता: हौज कटोरा, चौक क्षेत्र, वाराणसी

9. वैद्यनाथ
पता: बैजनाथेश्वर, कमच्छा वाराणसी

10. नागेश्वर
पता: भोसला घाट, पटानी टोला, वाराणसी

11. रामेश्वरम
पता: मनमंदिर घाट, वाराणसी

12. घृष्णेश्वर
स्थान: घृष्णेश्वर कुंड
पता: कामाख्या देवी, कमच्छा, वाराणसी

अर्थात् जो शिव लिंग विभिन्न तीर्थों में हैं, वे सभी काशी में भी विराजमान हैं, इसमें कोई संशय नहीं। यही कारण है कि काशी को “सर्वतीर्थमयी” कहा गया है, यहाँ एक बार आने से समस्त तीर्थों का फल मिलता है।

यदि आप समझना चाहें कि काशी क्या है, तो यह केवल एक स्थान नहीं, बल्कि शिव की चेतना का विस्तार है।

अविमुक्त क्षेत्र का रहस्य

शास्त्रों में काशी को काशी को अविमुक्त क्षेत्र क्यों कहा गया,
यह बताया गया है कि, यह वह स्थान है जहाँ शिव सदा उपस्थित रहते हैं। इसका अर्थ यह है कि काशी का हर स्थान शिव के स्वरूप से जुड़ा हुआ है।

हर शिवलिंग एक ज्योतिर्लिंग?

काशी में हजारों शिवलिंग हैं। इसीलिए कहा जाता है कि यहाँ हर शिवलिंग में ज्योतिर्लिंग का अंश है। यह विचार इस बात को समझाता है कि काशी में इतने मंदिर क्यों हैं

आनंदवन और शिव की उपस्थिति

काशी का आनंदवन क्या है इस दृष्टि से देखें, तो यह वह स्थान है जहाँ शिव की उपस्थिति हर जगह अनुभव होती है। इसी कारण यहाँ ज्योतिर्लिंग की अवधारणा एक से कई रूपों में दिखाई देती है।

मोक्ष और ज्योतिर्लिंग

ज्योतिर्लिंग का संबंध केवल पूजा से नहीं, बल्कि मोक्ष से भी जुड़ा है। इसीलिए काशी में मृत्यु और मोक्ष की अवधारणा में ज्योतिर्लिंग की उपस्थिति महत्वपूर्ण मानी जाती है।

तो वास्तविक सत्य क्या है?

भौतिक रूप से काशी में एक ही मुख्य ज्योतिर्लिंग है काशी विश्वनाथ, लेकिन आध्यात्मिक दृष्टि से, पूरी काशी को ही ज्योतिर्लिंग स्वरूप माना गया है।

काशी में 12 ज्योतिर्लिंग होने का अर्थ संख्या नहीं, बल्कि अनुभव है। इसीलिए कहा जाता है, काशी में केवल मंदिर नहीं, स्वयं शिव विराजमान हैं।